अमेठीः गोवंश को राष्ट्रमाता का दर्जा दो, 8 सूत्रीय मांगों के साथ तेज हुआ अभियान
April 27, 2026
अमेठी। ‘गो सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत सोमवार को गौरीगंज तहसील में प्रतिनिधिमंडल ने विस्तृत ज्ञापन सौंपकर गोवंश संरक्षण को लेकर सख्त और ठोस नीति लागू करने की मांग उठाई। तहसीलदार सूरज प्रताप के माध्यम से ज्ञापन मुख्यमंत्री समेत देश के शीर्ष नेतृत्व को प्रेषित किया गया।ज्ञापन में गोवंश को ‘राष्ट्रमाता’ का दर्जा देने, सख्त केंद्रीय कानून बनाने और गोहत्या व तस्करी पर कड़े नियंत्रण की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि आवारा गोवंश की समस्या अब विकराल रूप ले चुकी है, जिससे सड़क हादसे बढ़ रहे हैं और किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।इसके साथ ही गो-आधारित अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने, गोशालाओं को मजबूत करने, हर ग्राम पंचायत में गो-अभयारण्य स्थापित करने, गोचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने और स्कूलों में ‘गो-विज्ञान’ को शामिल करने की भी मांग की गई।प्रतिनिधिमंडल ने सरकार से समन्वित नीति बनाकर जल्द प्रभावी कदम उठाने की अपील की, ताकि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सके और सामाजिक संतुलन बना रहे। ज्ञापन देने वालों में गौ सम्मान आह्वान अभियान के प्रदेश संयोजक विश्वनाथ, जिला प्रभारी राम केवल यादव, गौरीगंज तहसील प्रभारी राजीव कुमार शुक्ल, भेंटुआ ब्लाक प्रभारी अजय कुमार सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांगों पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित कराने की अपेक्षा जताई है।
