मुरादाबाद (विधान केसरी)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पति-पत्नी के बीच जिम जाने को लेकर चल रहा विवाद आखिरकार खौफनाक हत्या में बदल गया। काठघर थाना क्षेत्र में रहने वाले एक कबाड़ी व्यापारी ने अपनी पत्नी की लोहे की रॉड से वार कर हत्या कर दी और फिर करीब 7 घंटे तक शव के साथ घर में ही बैठा रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 35 वर्षीय पूनम गुप्ता रोजाना की तरह बुधवार सुबह जिम से लौटकर घर आई थीं। इसी दौरान उनके और पति शोभित गुप्ता के बीच जिम जाने को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़कर हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्से में आकर शोभित ने शटर बंद करने वाली लोहे की रॉड से पूनम के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी ने बेहद शातिराना तरीके से मामले को हादसा दिखाने की कोशिश की। उसने पत्नी के शव को बेड पर लिटा दिया और करीब 7 घंटे तक घर में ही मौजूद रहा। इस दौरान जब उसकी बेटी स्कूल से लौटी और मां के बारे में पूछा, तो उसने उसे दूसरे कमरे में भेज दिया।
कुछ समय बाद आरोपी ने खुद ही पुलिस को फोन कर बताया कि उसकी पत्नी गिरकर घायल हो गई है। लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस ने जब पूनम के सिर पर गहरे चोट के निशान देखे, तो मामला संदिग्ध लगने लगा। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी टूट गया और उसने हत्या की बात कबूल कर ली।
पुलिस अधीक्षक रणविजय सिंह ने बताया कि पति-पत्नी के बीच विवाद के चलते यह घटना हुई है। आरोपी ने लोहे की रॉड से वार कर अपनी पत्नी की हत्या की है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।
वहीं, मृतका के भाई ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शोभित पहले भी उसकी बहन को प्रताड़ित करता था और कई बार उसे नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर चुका था। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर घरेलू विवादों के खतरनाक रूप को उजागर कर दिया है, जहां गुस्से में उठाया गया एक कदम पूरे परिवार को तबाह कर देता है।
