सुल्तानपुर: मेधावी छात्रों का सम्मान! अंशिका ने 547 अंक तो आर्यन को गणित में शत-प्रतिशत
April 24, 2026
जयसिंहपुर/सुल्तानपुर ।गुरुवार को घोषित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम के बाद क्षेत्र के विद्यालयों में उत्साह का माहौल रहा। इसी क्रम में शुक्रवार को अनारकली युग निर्माण इंटरमीडिएट कॉलेज, सरोजपुरम राघवपुर में उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने मेधावी विद्यार्थियों को माला पहनाकर व मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। हाईस्कूल की छात्रा अंशिका पांडेय ने 600 में से 547 अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। वहीं छात्र आर्यन मिश्रा ने गणित विषय में 100 में 100 अंक हासिल कर विशेष उपलब्धि दर्ज की। इसके अलावा भी कई छात्र-छात्राओं ने अच्छे अंक प्राप्त कर सफलता हासिल की। अंशिका पांडेय ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और विद्यालय के गुरुजनों को देते हुए बताया कि वह आगे चलकर डॉक्टर बनना चाहती हैं। वहीं आर्यन मिश्रा ने कहा कि वह इंटरमीडिएट में गणित विषय लेकर आगे की पढ़ाई करेंगे और आईआईटी या नीट की तैयारी करना उनका लक्ष्य है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रबंधक राममूर्ति मिश्रा ने सभी उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें निरंतर परिश्रम करने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर प्रधानाध्यापिका रेखा मिश्रा, संतोष मिश्रा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
