Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

बीसलपुरः जमीन विवाद में युवक पर जानलेवा हमला, अदालत के आदेश पर मुकदमा दर्ज! 30 लाख रुपये के लेन-देन का मामला, पुलिस कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने ली अदालत की शरण


बीसलपुर। जमीन की खरीद-फरोख्त के विवाद में एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने पर पीड़ित ने अदालत का दरवाजा खटखटाया, जिसके बाद सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र के विष्णु धाम निवासी सतेंद्र पाल सिंह ने अदालत में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उन्होंने वर्ष 2024 में 14 एकड़ कृषि भूमि का सौदा किया था, जिसके लिए 30 लाख रुपये बतौर बयाना दिया था। लेकिन विक्रेता ने अधिक कीमत मिलने पर जमीन किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी।

पीड़ित के अनुसार, जब उसने अपना बयाना वापस मांगा तो आरोपियों ने आंशिक भुगतान किया और शेष रकम देने से इनकार कर दिया। छह अप्रैल को जब वह बीसलपुर से गुजर रहा था, तभी चीनी मिल के पास आरोपियों ने उसकी कार रोककर गाली-गलौज की और मारपीट करते हुए जान से मारने का प्रयास किया।

राहगीरों के पहुंचने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने थाना पुलिस और पुलिस अधीक्षक से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने अदालत में गुहार लगाई।अदालत के निर्देश पर पुलिस ने चार नामजद और तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |