आगरा। मनीष बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में माध्यमिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा जनपद में संचालित विद्यालयों की स्थिति पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया।
प्रस्तुति के अनुसार जनपद में 40 राजकीय माध्यमिक विद्यालय, 109 अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय, 2 संस्कृत माध्यमिक विद्यालय तथा 796 वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं। इसके अलावा 165 सीबीएसई व आईसीएसई बोर्ड के स्कूल सहित कुल 1112 माध्यमिक विद्यालय कार्यरत हैं।
वर्ष 2025-26 में नौनी (तहसील खेरागढ़) स्थित राजकीय हाईस्कूल तथा गंगरोआ हाईस्कूल को उच्चीकृत कर इंटर कॉलेज बनाने की स्वीकृति प्राप्त हुई है। वहीं, “प्रोजेक्ट अलंकार” के अंतर्गत विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विकास, जर्जर भवनों के स्थान पर नए निर्माण, मरम्मत व अनुरक्षण कार्य कराए गए हैं।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बृहद निर्माण कार्यों, बाउंड्रीवॉल, स्वच्छ पेयजल, प्रयोगशालाओं, अतिरिक्त कक्ष, पुस्तकालय एवं छात्र-छात्राओं के लिए पृथक शौचालय निर्माण की प्रगति की समीक्षा की। 25 राजकीय विद्यालयों में बाउंड्रीवॉल निर्माण हेतु दूसरी किस्त जारी होने के बावजूद कार्य अधूरा रहने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और प्रधानाचार्यों को नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।
बैठक में पीएम राजकीय इंटर कॉलेज, शाहगंज में प्रस्तावित मिनी स्टेडियम के निर्माण कार्य में देरी पर भी जिलाधिकारी ने असंतोष जताया। 492 लाख रुपये की लागत वाले इस प्रोजेक्ट के लिए 216 लाख रुपये की पहली किस्त जारी होने के बावजूद कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है। उन्होंने तत्काल टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के लिए नवीन शिक्षा संकुल भवन के निर्माण की भी स्वीकृति मिल चुकी है। 1609.19 लाख रुपये की परियोजना के अंतर्गत 300 लाख रुपये की पहली किस्त जारी की गई है। कार्यदायी संस्था द्वारा तकनीकी स्वीकृति के लिए प्रस्ताव मुख्यालय भेजा गया है, जिसके बाद शीघ्र ही टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी।
जिलाधिकारी ने सभी लंबित निर्माण कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कर समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर सहित राजकीय विद्यालयों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।
.jpg)