गौरीगंज: जनगणना 2027 की तैयारियां तेज, सुपरवाइजर व प्रगणकों को दिया गया प्रशिक्षण
April 16, 2026
गौरीगंज/अमेठी। जनगणना 2027 के सफल क्रियान्वयन को लेकर जनपद में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में कल विकासखंड गौरीगंज सभागार में तहसील गौरीगंज के सुपरवाइजर एवं प्रगणकों को प्रथम चरण के अंतर्गत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना से संबंधित प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी प्रोजेक्टर के माध्यम से दी गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिलाधिकारी संजय चैहान ने उपस्थित होकर सुपरवाइजरों एवं प्रगणकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है, जो देश की नीतियों, योजनाओं एवं संसाधनों के समुचित वितरण का आधार बनता है। ऐसे में इसकी शुद्धता एवं पारदर्शिता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा। सभी प्रगणक एवं सुपरवाइजर प्रशिक्षण को गंभीरता से लें और प्रत्येक बिंदु को भली-भांति समझें, ताकि फील्ड में कार्य करते समय किसी प्रकार की कठिनाई न हो। उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि गणना के दौरान कोई भी मकान छूटना नहीं चाहिए और प्रत्येक मकान का सटीक एवं पूर्ण विवरण दर्ज किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यह भारत की आधुनिक एवं डिजिटल जनगणना की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसमें तकनीकी माध्यमों का उपयोग किया जाएगा। अतः सभी कार्मिक डिजिटल उपकरणों के उपयोग में दक्षता प्राप्त करें और समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करें। प्रथम चरण की गणना 22 मई से 20 जून 2026 तक निर्धारित की गई है, जिसके लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी तत्परता से तैयार रहें। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी सचिन कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अर्पित गुप्ता, उपजिलाधिकारी गौरीगंज प्रीति तिवारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए ऐश्वर्या यादव, तहसीलदार गौरीगंज, खंड शिक्षा अधिकारी अर्जुन सिंह सहित संबंधित अधिकारी, सुपरवाइजर एवं प्रगणक उपस्थित रहे।
