बीसलपुर। क्षेत्र के गांव अमारा रोड स्थित प्राथमिक विद्यालय इन दिनों पेयजल संकट की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। विद्यालय परिसर में लगे दो इंडिया मार्का हैंडपंप पिछले करीब दो महीनों से खराब पड़े हैं, जिससे यहां पढ़ने वाले बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।भीषण गर्मी के इस दौर में छोटे-छोटे बच्चे अपनी प्यास बुझाने के लिए लगभग 200 मीटर दूर स्थित देवस्थान पर लगे नल तक जाने को मजबूर हैं। इससे न केवल बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, बल्कि उनकी सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है।
विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका निसा गंगवार ने बताया कि इस समस्या को लेकर ग्राम प्रधान पति जितेंद्र गंगवार और सचिव राहुल गंगवार को कई बार लिखित शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। मिड-डे मील बनाने वाली रसोइयों को भी पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।स्थिति और भी गंभीर इसलिए है क्योंकि जिस देवस्थान पर बच्चे पानी पीने जाते हैं, वहां बड़ी संख्या में बंदर रहते हैं, जिससे बच्चों में भय का माहौल बना हुआ है। अभिभावकों और ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द हैंडपंप ठीक कराने की मांग की है।
