पीलीभीतः जन्मदिन पर सेवा का संकल्प! पोती के खास दिन को गौसेवा से जोड़ा, अनिल मैनी ने पेश की मिसाल! 12वें जन्मदिन पर गोशालाओं में सेवा, स्वच्छता अभियान के जरिए समाज को दे रहे नई दिशा
April 19, 2026
पीलीभीत। जहां आजकल जन्मदिन समारोह भव्य पार्टियों और दिखावे तक सीमित होते जा रहे हैं, वहीं जनपद के समाजसेवी अनिल मैनी ने एक अलग पहल कर समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने अपनी पोती जॉयना मैनी के 12वें जन्मदिन को सेवा और संस्कारों से जोड़ते हुए गौसेवा के रूप में मनाया।इस अवसर पर कलीनगर स्थित गौ संरक्षण केंद्र और न्यूरिया क्षेत्र की गौशाला में गायों को हरी सब्जियां और चारा खिलाया गया। इस आयोजन में स्थानीय सहयोगियों की भी सक्रिय भागीदारी रही। परिवार का मानना है कि ऐसे अवसरों को समाजहित से जोड़ने पर उनका महत्व और बढ़ जाता है। अनिल मैनी ने बताया कि उनका परिवार नियमित रूप से गोशालाओं की जरूरतों को समझकर सेवा कार्य करता है। उन्होंने बताया कि सर्दियों में पशुओं के लिए गुड़, दलिया और तिरपाल, जबकि गर्मियों में हरा चारा, फल व सब्जियों की व्यवस्था की जाती है। गौसेवा के साथ-साथ अनिल मैनी स्वच्छता जागरूकता में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। वे स्कूलों में “स्वच्छता की पाठशाला” के माध्यम से बच्चों को जागरूक कर चुके हैं और कई स्थानों पर स्वच्छता सामग्री वितरित कर चुके हैं। वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और प्लास्टिक मुक्त अभियान को बढ़ावा दे रहे हैं, जिससे बड़ी संख्या में लोग प्रेरित हो रहे हैं। यह पहल दर्शाती है कि यदि खुशियों के अवसरों को समाज सेवा से जोड़ा जाए, तो वे न केवल यादगार बनते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम भी बनते हैं।
