Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

पीलीभीत: साइंस ओलंपियाड में सौरभ वर्मा ने रचा इतिहास, पूरे जोन में हासिल किया दूसरा स्थान! विद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित, 10,000 नकद व प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित


पीलीभीत। जनपद के चिरौंजी लाल वीरेंद्र पाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के छात्र सौरभ वर्मा ने सिल्वर जोन साइंस ओलंपियाड प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे जोन में द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष और गौरव का वातावरण है।

कक्षा 12वीं के छात्र सौरभ वर्मा ने यह सफलता कड़ी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर हासिल की। उन्होंने विद्यालय के भौतिक विज्ञान प्रवक्ता श्वेतांक मिश्रा के मार्गदर्शन में ओलंपियाड की तैयारी की, जिसका परिणाम इस उत्कृष्ट उपलब्धि के रूप में सामने आया।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के उपलक्ष्य में विद्यालय में वंदना सत्र के दौरान एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य  सुभाष कुमार ने सौरभ वर्मा को प्रशस्ति पत्र, मेडल पहनाकर तथा 10,000 का चेक प्रदान कर सम्मानित किया। समारोह के दौरान उपस्थित शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सौरभ का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर प्रतियोगिता प्रमुख श्वेतांक मिश्रा एवं सह-प्रमुख मनुकृष्ण सक्सेना को भी उनके उत्कृष्ट मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए पटका पहनाकर सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रशासन ने दोनों शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से ही छात्र इस स्तर की उपलब्धियां प्राप्त कर पा रहे हैं।

प्रधानाचार्य ने अपने संबोधन में छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे सौरभ वर्मा से प्रेरणा लेकर शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करें।विद्यालय परिवार ने सौरभ वर्मा की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है तथा आशा जताई है कि वह आगे भी इसी तरह सफलता की नई ऊंचाइयों को छुएंगे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |