बीसलपुर। बिलसंडा थाना क्षेत्र के गांव भैनपुरा में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुरालियों पर जबरन जहर खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार भैनपुरा निवासी हिमांशु की शादी लगभग एक वर्ष पूर्व बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गुलैदा निवासी जय राखन की पुत्री माधुरी (20) के साथ हुई थी। रविवार रात करीब 12रू30 बजे माधुरी ने घर में रखी जहरीली दवा का सेवन कर लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल बीसलपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही ईट गांव चैकी प्रभारी विपुल मोतला पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। कुछ ही देर में मृतका के पिता जय राखन भी अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने आरोप लगाया कि होली पर बेटी को मायके न भेजने को लेकर विवाद था और ससुराल पक्ष ने जबरन जहर खिलाकर हत्या की है।
नायब तहसीलदार की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट होंगे और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना से मायके पक्ष में शोक की लहर है।
