बीसलपुर। नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (भारत सरकार का उपक्रम) की ओर से आयोजित दो दिवसीय आवासीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हो गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम एनएफएल बरेली के सहयोग से पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित किया गया, जिसमें पीलीभीत जनपद के किसानों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के दौरान किसानों को नॉरमन ई. बोरलॉग क्रॉप रिसर्च सेंटर का भ्रमण कराया गया, जहां उन्हें विभिन्न फसलों की उन्नत किस्मों और वैज्ञानिक पद्धतियों की जानकारी दी गई। किसानों ने उन्नत बीजों की खरीद भी की। इसके अलावा उद्यान अनुसंधान केंद्र का भ्रमण कर सब्जी एवं बागवानी फसलों से अधिक उत्पादन और अधिकतम लाभ प्राप्त करने के तरीके बताए गए।
विश्वविद्यालय के गेहूं, मसूर, चना एवं सरसों के प्रक्षेत्र प्रदर्शन का अवलोकन कराया गया। एग्रोनॉमी विभाग के डॉ. रोहिताश सिंह ने इंटीग्रेटेड फार्मिंग प्रणाली पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं सब्जी अनुसंधान केंद्र के डॉ. उपेन्द्र प्रसाद ने आधुनिक तकनीकों के माध्यम से सब्जी उत्पादन बढ़ाने के उपाय समझाए।
कार्यक्रम में प्रगतिशील किसान हरिओम गंगवार, इलियास खान एवं छत्रपाल को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागी किसानों को एनएफएल की ओर से स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। अंत में एस.एम. त्रिपाठी ने सभी का आभार व्यक्त किया।
