अमेठी। जनपद के विकासखंड भेटुआ में अधिकारियों और कर्मचारियों की अनुपस्थिति को लेकर क्षेत्रीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सरकारी कार्यालयों में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद ब्लॉक कार्यालय में कई दिनों से संबंधित अधिकारी अपनी कुर्सियों पर नहीं मिल रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि वे विभिन्न योजनाओं, आय-जाति-निवास प्रमाणपत्र, पेंशन तथा अन्य सरकारी कार्यों के लिए ब्लॉक कार्यालय पहुंचते हैं, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी नहीं मिलते। इससे उन्हें बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी हो रही है।
स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि त्योहारों से पहले ही कार्यालय का कामकाज सुस्त पड़ गया है। अधिकांश समय दफ्तर में सन्नाटा पसरा रहता है और कई कक्षों की कुर्सियां खाली दिखती हैं। लोगों का कहना है कि मुख्यमंत्री के आदेश केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि जमीनी स्तर पर उनका पालन भी सुनिश्चित किया जाए।
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और उच्चाधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए ब्लॉक कार्यालय में अधिकारी-कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि आम जनता को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।
अब देखना यह है कि संबंधित विभाग इस दिशा में कितनी शीघ्र कार्रवाई करता है।
