अमेठी। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में कथित रूप से चल रहे अवैध कटान, अवैध खनन एवं नशे के कारोबार को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भानू) ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। संगठन के पदाधिकारी सोमवार को पुलिस कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन पर बैठ गए और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
भाकियू (भानू) के जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र नाथ मिश्रा के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि दर्ज मुकदमों में सत्य तथ्यों को छिपाकर भ्रामक आख्या लगाई जा रही है, जिससे अपराधियों को संरक्षण मिल रहा है। उनका कहना है कि कुछ अधिकारी क्षेत्रीय प्रभाव में कार्य कर रहे हैं, जिससे अवैध गतिविधियों पर अंकुश नहीं लग पा रहा।
प्रदर्शनकारियों ने उपनिरीक्षक दिनेश सिंह (कोतवाली अमेठी), थाना प्रभारी रवि सिंह (कोतवाली अमेठी), क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार मिश्र (अमेठी) तथा थाना प्रभारी गौरीगंज के विरुद्ध शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई की मांग की। किसानों ने कहा कि जांच पूर्ण होने तक संबंधित कर्मियों को वर्तमान कार्यक्षेत्र से हटाया जाए।
संगठन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में मांग की गई है कि पुलिस विभाग एवं दो अन्य विभागों के विभागाध्यक्षों की संयुक्त जांच टीम गठित की जाए। जांच प्रक्रिया संगठन के पांच नामित सदस्यों की उपस्थिति में पारदर्शी ढंग से कराई जाए और रिपोर्ट के आधार पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
भाकियू (भानू) ने चेतावनी दी है कि यदि 09 मार्च 2026 तक आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो 10 मार्च 2026 को प्रातः 11 बजे से पुलिस अधीक्षक कार्यालय, गौरीगंज के मुख्य द्वार पर व्यापक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
धरना स्थल पर मौजूद किसानों ने कहा कि उनका उद्देश्य कानून-व्यवस्था को प्रभावित करना नहीं, बल्कि न्याय प्राप्त करना है। संगठन ने प्रशासन से समयबद्ध व पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि जनपद में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
