भेटुआ/अमेठी : जनपद के विकास खंड भेटुआ कार्यालय परिसर में शनिवार को होली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में एक भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। अवकाश से पूर्व आयोजित इस कार्यक्रम में आधिकारिक व्यस्तताओं को दरकिनार कर सभी कर्मचारी और अधिकारी एक ही रंग में रंगे नजर आए।
कार्यक्रम का नेतृत्व करते हुए खंड विकास अधिकारी आकांक्षा सिंह ने कर्मचारियों के साथ गुलाल खेलकर उत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने मानवीय मूल्यों पर बल देते हुए कहा त्योहार केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि आपसी मतभेदों को विस्मृत कर प्रेम, सौहार्द और एकता के सूत्र में बंधने का माध्यम हैं। एक सशक्त टीम वही है जो कार्य के साथ-साथ खुशियों में भी एक-दूसरे की सहभागी बने।उन्होंने सभी कर्मचारियों के अटूट सहयोग की सराहना की और समस्त क्षेत्रवासियों को सुरक्षित एवं खुशहाल होली की मंगलकामनाएं प्रेषित कीं।
समारोह के दौरान परिसर में फाग और पारंपरिक होली गीतों की गूँज रही। कर्मचारियों ने न केवल एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर बधाई दी, बल्कि मिष्ठान वितरण कर उत्सव की मिठास को साझा किया। इस दौरान टीम भावना और परस्पर समन्वय का एक अनुपम उदाहरण देखने को मिला।
समारोह में स्वच्छ भारत मिशन के बीसी हृदय राम, इरफ़ान, सफाई कर्मी दिनेश जायसवाल, दिनेश साकिर, पत्रावाहक बहुर, रोजगार सेवक बृजेश, रामकृष्ण मिश्रा, कंप्यूटर सहायक (आवास) रवि, मनरेगा सहायक वरुण सिंह, समूह सखी रेनू, कंप्यूटर सहायक संत प्रकाश, एडीओ कोऑपरेटिव मुकेश कुमार सिंह, बड़े बाबू सुमन गुप्ता, ब्लॉक मिशन प्रबंधक अनुपम, दिनेश सिंह कुशवाहा, और दुर्गेश नंदन शुक्ला सहित अन्य कर्मचारी प्रमुख रूप से सम्मिलित रहे।
