आगरा। नगर निगम के विज्ञापन विभाग में कथित भ्रष्टाचार को लेकर मेयर हेमलता दिवाकर ने सख्त रुख अपनाया है। शहर में यूनीपोल आवंटन के मामले में मेयर ने नगर आयुक्त से कड़े शब्दों में जवाब तलब किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एलेक्स को 100, प्राइमस एड को 200 और फ्रैंक को 50 यूनीपोल स्थान आवंटित किए गए थे। इसके बावजूद अपेक्षित राजस्व नगर निगम को प्राप्त नहीं हुआ, जिस पर मेयर ने नाराजगी जताई है।
मेयर ने इस मामले से संबंधित सभी विज्ञापन एजेंसियों की फाइलें तलब की हैं, लेकिन पत्र भेजे जाने के बावजूद अब तक फाइलें उपलब्ध नहीं कराई गईं। इससे मेयर की नाराजगी और बढ़ गई है।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र फाइलें प्रस्तुत नहीं की गईं तो वह मुख्यमंत्री से मिलकर पूरे मामले की शिकायत करेंगी। साथ ही टेंडर निरस्त करने के आदेश के बावजूद समय बढ़ाने के मुद्दे पर भी नगर आयुक्त से जवाब मांगा जाएगा।
मेयर हेमलता दिवाकर ने दो टूक कहा कि नगर निगम में किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
