आगरा। उत्तर प्रदेश सरकार के ‘नव निर्माण के 09 वर्ष’ पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को विकास भवन सभागार में भव्य प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, महापौर श्रीमती हेमलता दिवाकर कुशवाह, विधायक श्रीमती रानी पक्षालिका सिंह, डॉ. धर्मपाल सिंह, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, भगवान सिंह कुशवाह एवं डॉ. जी.एस. धर्मेश की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा सरकार के 09 वर्षों की उपलब्धियों और विकास कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। साथ ही माननीय मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा एवं सुना गया।
कार्यक्रम के उपरांत विकास भवन प्रांगण में ‘सीएम युवा कैंप’ का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर ओडीओपी टूल किट एवं स्वीकृत ऋण पत्र के चेक लाभार्थियों को वितरित किए गए।
सरकार के ‘नव निर्माण के 09 वर्ष’ पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद में लगातार 09 दिनों तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सूर सदन प्रेक्षागृह में सभी विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
