बीसलपुर। ग्राम मचवा खेड़ा स्थित वृद्धा आश्रम में भारत सरकार की अटल वयोअभ्युदय योजना के तहत चल रहे सात दिवसीय विशेष शिविर के पांचवें दिन पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए रैली निकाली गई और पौधारोपण किया गया। वृद्धा आश्रम में पंजीकृत वृद्धों ने ग्रामीणों को अधिक से अधिक पौधारोपण करने के लिए प्रेरित किया। रैली के बाद आश्रम परिसर में गमलों में फूलों के पौधे लगाए गए।
शिविर में योग प्रशिक्षक डॉ. पार्थ त्रिपाठी ने वृद्धों को योगाभ्यास कराया और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। प्रशिक्षक सतीश शर्मा ने प्राणायाम, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी समेत कई योगासन कराए और नियमित योगाभ्यास के महत्व को समझाया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वृद्धों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें निशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराईं। शिविर का संचालन आश्रम की प्रबंधक लक्ष्मी देवी द्वारा किया गया।
