कन्नौज। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता मे कलेक्ट्रेट गांधी सभागार मे चैत्र नवरात्रि ईद-उल-फितर रामनवमी एवं महावीर जयंती जैसे महत्वपूर्ण आगामी पर्वों के दृष्टिगत जिला शांति समिति की बैठक गरिमामय एवं सार्थक वातावरण मे सम्पन्न हुई।
बैठक मे जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं समिति के सदस्यों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद मे सभी पर्व आपसी भाईचारे शांति एवं सौहार्द के साथ परंपरागत ढंग से मनाए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की नई या गैर-परंपरागत गतिविधियों से बचते हुए स्थापित परंपराओं का पूर्णतः पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आश्वस्त किया कि पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी प्रत्येक स्थान पर मुस्तैदी के साथ तैनात रहेंगे तथा किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
जिलाधिकारी ने साफ-सफाई विद्युत आपूर्ति एवं पेयजल व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए कहा कि नगर क्षेत्रों मे अधिशासी अधिकारी नगर पालिका तथा ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत राज अधिकारी स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ रखें। अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देशित किया गया कि निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही पेयजल आपूर्ति समयबद्ध एवं सुचारू रूप से उपलब्ध कराई जाए।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी आकस्मिक सेवाएं पूर्ण रूप से सक्रिय रहें। किसी भी परिस्थिति मे प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बंद न हों तथा ओपीडी सेवाएं निर्धारित समय पर संचालित की जाएं।
जिलाधिकारी ने जनसामान्य से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा यदि कोई भ्रामक सूचना प्राप्त होती है तो उसकी सत्यता की पुष्टि कर उसका खंडन अवश्य करें।
उन्होंने निर्देशित किया कि डीजे का उपयोग निर्धारित मानकों एवं समय-सीमा के अनुरूप ही किया जाए तथा किसी भी स्थिति मे अश्लील आपत्तिजनक अथवा धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले गीत न बजाए जाएं। उल्लंघन की स्थिति में संबंधित आयोजक एवं संचालक के विरुद्ध कठोर विधिक कार्यवाही की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर सतत निगरानी रखी जाएगी। धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने अथवा आपत्तिजनक टिप्पणियां करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से नवरात्रि के दौरान महिलाओं की अधिक भागीदारी को देखते हुए पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही शोभायात्राओं के आयोजन को लेकर संबंधित समितियों के साथ नियमित समन्वय बनाए रखने एवं त्यौहार रजिस्टर के अनुसार ही कार्यक्रम आयोजित करने पर बल दिया।
बैठक मे अपर जिलाधिकारी (वि0ध्रा0) देवेन्द्र सिंह अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार समस्त उपजिलाधिकारी क्षेत्राधिकारी सहित संबंधित अधिकारीगण एवं पीस कमेटी के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
