पीलीभीत। ज्ञान इंटरनेशनल स्कूल में विद्यार्थियों की उपलब्धियों, शैक्षणिक गतिविधियों एवं सांस्कृतिक उत्सवों का भव्य आयोजन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में छात्रों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।विद्यालय की कक्षा 10 की छात्रा गौरी यादव ने जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में एकल एवं युगल दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त कर विशेष उपलब्धि हासिल की। वहीं बालक कबड्डी टीम ने गांधी स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त कर टीम भावना का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। टीम के खिलाड़ियों स्कंद, तरनप्रीत संधू, हृद्यांश, अनंत, युवराज, अर्जुन, आयुष, कार्तिकेय, अक्षित एवं देव ने अनुशासन और समर्पण के साथ शानदार प्रदर्शन किया। इसके अलावा सेपक टाकरा प्रतियोगिता में अवनी भारती ने भी द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया। इसी क्रम में शुक्रवार को विद्यालय की टनकपुर रोड शाखा में कक्षा 8 के विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन प्रोग्राम एवं वार्षिक परिणाम वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्या पूजा छाबड़ा एवं प्रबंधक देवेंद्र सिंह छाबड़ा द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और अनुभव साझा कर उपस्थित अभिभावकों को भावुक कर दिया, जिन्हें खूब सराहा गया।शिक्षिकाओं अनुराधा शर्मा एवं भूमिका सिंह ने अभिभावकों को कक्षा 9 के पाठ्यक्रम और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी देते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया। प्रधानाचार्या ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया, जबकि प्रबंधक ने बच्चों को देश का भविष्य बताते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
परिणामों में भी विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। टनकपुर रोड शाखा में कक्षा 8 रेड में अंशिका प्रथम, आराध्या सिंह द्वितीय और मानवी कश्यप तृतीय रहीं। कक्षा 8 ब्लू में आराध्या पाठक प्रथम, पान्या छाबड़ा द्वितीय तथा अश्मीत कौर तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं सुरभि कॉलोनी शाखा में दिव्यांश वर्मा प्रथम, सार्थक पाल व अनुकल्प शर्मा संयुक्त द्वितीय तथा अभिनव वर्मा तृतीय स्थान पर रहे।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए तथा 100 प्रतिशत पीटीएम उपस्थिति वाले अभिभावकों को सम्मानित किया गया। आयोजन में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा।कार्यक्रम का समापन ईद-उल-फित्र के पावन पर्व के उत्सव के साथ हुआ, जिसमें छोटे बच्चों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ‘ईद मुबारक’ कहा और प्रेम, भाईचारे व सौहार्द का संदेश दिया। अंत में सभी को मिठाइयाँ वितरित कर खुशियां साझा की गईं।इस प्रकार यह आयोजन शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर संपन्न हुआ।
