बीसलपुर। भारतीय किसान यूनियन (लोक शक्ति) के प्रदेश अध्यक्ष हरिओम सिंह चैहान के नेतृत्व में किसानों ने सोमवार को सात सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी बीसलपुर को सौंपा। इस दौरान किसानों ने अपनी समस्याओं को लेकर प्रशासन के खिलाफ रोष व्यक्त किया। ज्ञापन में प्रमुख रूप से मांग की गई कि गेहूं की खरीद सरकारी केंद्रों पर पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित की जाए। किसानों का आरोप है कि क्रय केंद्रों पर बिचैलियों का बोलबाला है, जिससे उन्हें उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा। संगठन ने बिचैलियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा गांवों में घूम रहे आवारा गौवंश को पकड़कर गौशालाओं में भेजने की मांग की गई, ताकि किसानों की फसलें सुरक्षित रह सकें। एंबुलेंस चालकों के मानदेय में वृद्धि करने और सरकारी कर्मचारियों द्वारा किसानों के शोषण पर रोक लगाने की भी मांग की गई।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि तहसील और जिला मुख्यालय स्तर पर व्याप्त भ्रष्टाचार को तत्काल खत्म किया जाए तथा छात्र-छात्राओं को आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र समय पर उपलब्ध कराए जाएं।
किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो वे जिला मुख्यालय और तहसील पर बड़ा धरना-प्रदर्शन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
.jpg)