अमेठीः गुडवर्क! गांजा के साथ महिला गिरफ्तार
March 01, 2026
अमेठी। जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन धर-पकड़ अभियान और पुलिस अधीक्षक द्वारा घोषित नशा मुक्त अमेठी अभियान के अंतर्गत थाना संग्रामपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री में लिप्त एक महिला को भारी मात्रा में गांजे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. एवं अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में, क्षेत्राधिकारी अमेठी मनोज कुमार मिश्र के कुशल पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई अंजाम दी गई। थानाध्यक्ष संग्रामपुर संजय कुमार सिंह को मुखबिर द्वारा विशिष्ट सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के विशेषरगंज बाजार में एक महिला अपनी किराना दुकान की आड़ में गांजे की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेच रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना पुलिस की एक टीम ने तत्काल बताए गए स्थान पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने रंजू कसौधन पत्नी दिनेश कसौधन उर्फ मिन्टू (उम्र 30 वर्ष), निवासी विशेषरगंज, थाना संग्रामपुर को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर अभियुक्त के कब्जे से एक झोले में कुल 310 पुड़िया मिलीं, जिनका कुल वजन 1 किलो 340 ग्राम पाया गया। पुलिस ने बरामद अवैध गांजे को सीज कर दिया है। गिरफ्तार अभियुक्ता के विरुद्ध थाना संग्रामपुर में मु0अ0सं0 23/26 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि उक्त महिला को गांजे की आपूर्ति कहाँ से होती थी। इस सराहनीय कार्य में थानाध्यक्ष संग्रामपुर श्री संजय कुमार सिंह के साथ उ0नि0 राजेश कुमार, का0 जसवन्त यादव, का0 विजय कुमार पाल और म0का0 ज्योति सोनकर की मुख्य भूमिका रही।
