शुकुलबाजार: गोमती तटों की ड्रोन से निगरानी! शराब पीते मिले लोगों पर पुलिस सख्त
March 01, 2026
शुकुलबाजार/अमेठी। स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत होली पर्व को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। त्योहार के दौरान गोमती नदी के किनारे स्थित तटवर्ती क्षेत्रों में शराब पीने और हुड़दंग की आशंका को देखते हुए ड्रोन कैमरों से सघन निगरानी कराई गई। पुलिस की टीमों ने नदी किनारे बने संभावित जमावड़े वाले स्थानों पर विशेष नजर रखी। ड्रोन से मिली सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस ने खुले में शराब पी रहे कुछ लोगों को चेतावनी दी, वहीं नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई। घाटों और तटों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर पैदल गश्त बढ़ाई गई। प्रशासन का कहना है कि इस तरह की निगरानी से ग्रामीण क्षेत्रों में भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिल रही है। इस संबंध में थाना अध्यक्ष विवेक वर्मा ने बताया कि होली को लेकर क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने कहा, “नदी तट सार्वजनिक स्थल हैं। यहां शराब पीना या शांति भंग करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ड्रोन से निगरानी आगे भी जारी रहेगी और उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। और उन्होंने क्षेत्र वासियो से अपील की है कि होली त्योहार को सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाएं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
