पीलीभीत। जनपद के पूरनपुर क्षेत्र में रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। गुरुद्वारे में सेवारत एक ग्रंथी पर अज्ञात हमलावरों ने घात लगाकर हमला कर दिया। धारदार और भारी औजारों से किए गए हमले में ग्रंथी गंभीर रूप से घायल हो गए और करीब एक घंटे तक सड़क पर लहूलुहान हालत में पड़े तड़पते रहे। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उन्हें तत्काल अस्पताल भिजवाया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है और पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खुटार थाना क्षेत्र के गांव कजरा निवासी हर संगम सिंह पूरनपुर के गांव रामपुरा कोन स्थित गुरुद्वारे में ग्रंथी के पद पर सेवा दे रहे हैं। रविवार शाम लगभग साढ़े सात बजे वह बाइक से गुरुद्वारे लौट रहे थे। आरोप है कि जैसे ही वह नादहा डिजाइन के पास घाट क्षेत्र में पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात हमलावरों ने उन्हें रोक लिया।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने फावड़ा जैसे भारी उपकरणों और अन्य औजारों से उनके सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ प्रहार किए। अचानक हुए हमले से हर संगम सिंह सड़क पर गिर पड़े। आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। घायल ग्रंथी काफी देर तक सड़क पर पड़े रहे। बाद में वहां से गुजर रहे मजदूरों ने उन्हें गंभीर हालत में देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर घायल को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से भी स्थिति नाजुक होने पर उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।घायल की पत्नी गुरजीत कौर की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है।घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। एहतियातन क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाएगा।फिलहाल पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग इस सनसनीखेज वारदात को लेकर चर्चा कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।
.jpg)