अमेठीः रामनवमी पर उमड़ा अभूतपूर्व जनसैलाब! अमेठी की जनता मेरे लिए एक परिवार है-शाम्भवी सिंह
March 27, 2026
अमेठी। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के जन्मोत्सव रामनवमी के पावन अवसर पर अमेठी टाउन स्थित ऐतिहासिक हनुमानगढ़ी मंदिर में आयोजित भव्य कार्यक्रम ने आस्था के साथ-साथ जनशक्ति और सामाजिक एकजुटता का अभूतपूर्व प्रदर्शन किया। यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि अमेठी की जागरूक जनता की एकता, विश्वास और मजबूत सामाजिक-राजनीतिक चेतना का प्रतीक बनकर सामने आया। रामनवमी आयोजन समिति, अमेठी के तत्वावधान में सम्पन्न इस आयोजन में समिति के समर्पित सदस्यों, निर्माण में जुटे कर्मयोगियों, अमेठी टाउन के नागरिकों, युवाओं, माताओं-बहनों एवं हजारों श्रद्धालुओं की सक्रिय भागीदारी ने इसे ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया। पूरे नगर में उमड़ा जनसैलाब यह स्पष्ट संकेत देता नजर आया कि अमेठी की जनता अब हर स्तर पर एकजुट और सजग है। हनुमानगढ़ी मंदिर परिसर में गूंजते ष्जय श्री रामष् के उद्घोष के बीच यह आयोजन केवल भक्ति तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सामाजिक समरसता के साथ-साथ जनविश्वास की एक मजबूत अभिव्यक्ति बनकर उभरा। इस अवसर पर युवराज अनन्त विक्रम सिंह एवं बहुरानी शाम्भवी सिंह की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष ऊर्जा प्रदान की। दोनों ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की तथा जनसमूह के बीच पहुंचकर संवाद स्थापित किया। उनकी उपस्थिति को जनता के व्यापक समर्थन और विश्वास के रूप में भी देखा जा रहा है। भव्य शोभायात्रा में उमड़ी भारी भीड़, जगह-जगह हुआ स्वागत और पुष्पवर्षा इस बात का स्पष्ट संकेत था कि अमेठी की जनता अपने नेतृत्व के साथ खड़ी है और विकास, संस्कृति व परंपरा के साथ आगे बढ़ने को प्रतिबद्ध है। युवराज अनन्त विक्रम सिंह ने कहा कि प्रभु श्री राम के आदर्श केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि सुशासन, मर्यादा और जनसेवा का मार्गदर्शन हैं। आज अमेठी की जनता जिस प्रकार एकजुट होकर अपनी सहभागिता दर्ज कर रही है, वह आने वाले समय के लिए एक सकारात्मक और मजबूत संकेत है। यह जनसमर्थन हमें और अधिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। बहुरानी शाम्भवी सिंह ने कहा कि अमेठी मेरे लिए एक परिवार है, और आज इस परिवार का जो स्वरूप देखने को मिला, वह अत्यंत भावुक और प्रेरणादायक है। माताओं-बहनों, युवाओं और हर वर्ग का यह स्नेह और विश्वास हमारे लिए सबसे बड़ी ताकत है। हम सभी के साथ मिलकर अमेठी को और सशक्त, समृद्ध और विकसित बनाने के लिए संकल्पित हैं।रामनवमी आयोजन समिति, अमेठी ने इस ऐतिहासिक आयोजन की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि अमेठी की जनता की एकजुटता और सक्रिय भागीदारी का परिचायक है। समिति ने सभी सहयोगियों, नागरिकों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
