गौरीगंज: निःशुल्क दिव्यांग सहायतार्थ शिविर का हुआ आयोजन
March 18, 2026
गौरीगंज/अमेठी। सांसद किशोरी लाल शर्मा की प्रेरणा से आयोजित निःशुल्क दिव्यांग सहायतार्थ शिविर (18, 19, 20 मार्च 2026) का शुभारंभ कल प्रथम दिन 18 मार्च को जनसेवा की भावना के साथ किया गया। शिविर में दिव्यांगजनों के जीवन को सुगम एवं आत्मनिर्भर बनाने हेतु लगभग 257 सहायक उपकरण वितरित किए गए, जिनमें ट्राई साइकिल, श्रवण यंत्र (कान मशीन) तथा कृत्रिम हाथ-पैर प्रमुख रूप से शामिल रहे। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने सांसद किशोरी लाल शर्मा जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल न केवल दिव्यांगजनों के जीवन में नई आशा का संचार करेगी, बल्कि समाज में समावेशी सोच को भी सशक्त बनाएगी। कार्यक्रम में चिकित्सकों एवं विशेषज्ञों द्वारा दिव्यांगजनों का परीक्षण कर उनकी आवश्यकतानुसार उपकरण उपलब्ध कराए गए। यह शिविर गांधी-नेहरू परिवार की सेवा, समर्पण और मानवता की उस गौरवशाली परंपरा को भी आगे बढ़ाता है, जिसमें समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। इसी परंपरा को आत्मसात करते हुए अमेठी में यह आयोजन जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरा है। आगामी दो दिनों में भी अधिक से अधिक लाभार्थियों तक सहायता पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। शिव महेश शैक्षिक संस्थान गौरीगंज के तत्वाधान में आयोजित शिविर मे कमलाकर मिश्र व रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति के सदस्य अनुपम पाण्डेय की भूमिका सराहनीय रहीं।
