बीसलपुर। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित 49वां वार्षिक क्रीड़ा समारोह उत्साह और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक विवेक कुमार वर्मा और प्राचार्या डॉ. अलका मेहरा ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई, जिसके बाद प्राचार्या ने मुख्य अतिथि का स्वागत बुके और बैज लगाकर किया। क्रीड़ा प्रभारी डॉ. पवन त्रिवेदी ने समारोह की विस्तृत आख्या प्रस्तुत करते हुए दो दिवसीय प्रतियोगिताओं की जानकारी दी।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि खेलकूद न केवल शारीरिक विकास का माध्यम है, बल्कि यह मानसिक संतुलन, अनुशासन और आत्मविश्वास को भी मजबूत बनाता है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण उसमें भाग लेना और सीखना होता है। समारोह के दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें 1500 मीटर दौड़, 200 मीटर दौड़, लंबी कूद, भाला फेंक और चक्का फेंक शामिल रहे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया गया, वहीं सभी प्रतिभागियों को भी प्रोत्साहन स्वरूप मेडल प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. विकास प्रधान ने किया और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. पवन त्रिवेदी ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
