Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

आगराः जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान हेतु शासन को भेजा प्रस्ताव


आगरा। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने जनपद की विभिन्न महत्वपूर्ण समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों एवं शासन स्तर पर प्रभावी कार्रवाई कराने हेतु प्रस्ताव एवं संस्तुतियां प्रेषित की हैं।

दिनांक 13.02.2026 को  अमर सिंह राठौर, अध्यक्ष पश्चिमी गेट मार्केट एसोसिएशन ताजगंज, के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने डॉ. मंजू भदौरिया से मुलाकात की। प्रतिनिधि मंडल द्वारा मा० सर्वोच्च न्यायालय के 17.01.2023 के आदेश की प्रति प्रस्तुत करते हुए पश्चिमी गेट क्षेत्र के विस्थापित श्रमजीवी एवं सीमित आय वर्ग के परिवारों के पुनर्वास की मांग की गई।

डॉ. भदौरिया ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि सक्षम प्राधिकरण द्वारा न्यायालय के आदेश के अनुरूप पुनर्वास की प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराई जानी चाहिए, ताकि प्रभावित परिवारों को न्याय मिल सके।

विकास खंड बरौली अहीर की ग्राम पंचायत दिगनेर में स्थित राजकीय हाईस्कूल को इंटर कॉलेज तक मान्यता प्रदान करने की मांग भी जिला पंचायत अध्यक्ष के समक्ष रखी गई। ग्राम की लगभग 2500 आबादी एवं 15 किलोमीटर तक किसी राजकीय इंटर कॉलेज के अभाव के कारण छात्र-छात्राओं, विशेषकर छात्राओं को उच्च शिक्षा में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

डॉ. मंजू भदौरिया ने छात्र-छात्राओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए शासन से इंटर स्तर की मान्यता प्रदान कराने की संस्तुति की है।

विकास खंड सैंया के अंतर्गत ग्राम मंगलपुर बत्तरा से राजाखेड़ा मार्ग पर ग्राम छत्तापुरा के निकट उटंगन नदी पर पुल निर्माण की मांग भी उठाई गई। वर्षा ऋतु में नदी के दोनों किनारों पर बसे ग्रामीणों का संपर्क बाधित हो जाता है, जिससे आपात स्थिति में गंभीर समस्याएं उत्पन्न होती हैं।

डॉ. भदौरिया ने सेतु निगम विभाग को पुल निर्माण के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु पत्र प्रेषित किया है।

जनपद में गहराते जल संकट को दृष्टिगत रखते हुए फतेहाबाद तहसील के रेहावली गांव में उटंगन नदी पर बांध निर्माण का प्रस्ताव भी जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा उठाया गया है। उन्होंने कहा कि मानसून कालीन जलराशि को संरक्षित कर भूजल स्तर में सुधार लाया जा सकता है तथा शमशाबाद, फतेहाबाद, पिनाहट, बरौली अहीर और अकोला विकास खंडों को सिंचाई एवं पेयजल सुविधा उपलब्ध कराई जा सकती है।

डॉ. मंजू भदौरिया ने फतेहपुरसीकरी क्षेत्र स्थित तेरह मोरी बांध एवं खानुआ बांध की जर्जर संरचनाओं को दुरुस्त कराने की भी मांग की है। वर्षा के समय पर्याप्त जलराशि आने के बावजूद संरचनात्मक कमजोरियों के कारण जल संरक्षण संभव नहीं हो पा रहा है, जिससे भूजल स्तर प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने कहा कि तेरह मोरी बांध ऐतिहासिक महत्व भी रखता है और इसके सुदृढ़ीकरण से न केवल जल संरक्षण होगा बल्कि क्षेत्र की सुंदरता एवं पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने संबंधित विभागों से इन सभी मुद्दों पर विधिसम्मत एवं शीघ्र प्रभावी कार्रवाई कराने की अपेक्षा की है, ताकि जनपद की जनता को राहत मिल सके।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |