अमेठीः जिला चिकित्सालय में कन्या जन्म उत्सव का आयोजन, माताओं को बेबी किट देकर किया गया सम्मानित
February 02, 2026
अमेठी। चाइल्ड हेल्पलाइन के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर गौरव श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित चाइल्ड हेल्पलाइन के तत्वावधान में आज दिनांक 02 फरवरी 2026 को जिला चिकित्सालय, अमेठी में कन्या जन्म उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उपजिलाधिकारी एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी सात्विक श्रीवास्तव के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य कन्या जन्म के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना, बालिकाओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाना तथा समाज में बेटी बचाओदृबेटी पढ़ाओ की भावना को सशक्त करना रहा। इस अवसर पर जिला चिकित्सालय में जन्मी नवजात बालिकाओं की माताओं को बेबी किट प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कन्या जन्म को समाज के लिए गर्व का विषय बताते हुए कहा कि बालिकाएं देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि कन्या और पुत्र में किसी प्रकार का भेदभाव न करें तथा बालिकाओं को समान अवसर, शिक्षा और संरक्षण प्रदान करें। इस अवसर पर बाल कल्याण समिति के सदस्य नीरज पांडे, चाइल्ड हेल्पलाइन से रोशन लाल (सुपरवाइजर) एवं रुचि सिंह, जिला चिकित्सालय से सुधा श्रीवास्तव सहित चिकित्सालय का अन्य स्टाफ उपस्थित रहा। सभी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
