अमेठीः विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत 5 फरवरी 2026 को विशेष अभियान दिवस! दावे-आपत्तियों के लिए सभी बूथों पर उपस्थित रहेंगे बीएलओ
February 02, 2026
अमेठी। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी अर्पित गुप्ता ने सर्वसाधारण को सूचित किया है कि भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देशानुसार तथा जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी संजय चैहान के निर्देशन में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 06 जनवरी 2026 से 06 फरवरी 2026 तक निर्धारित की गई है, जिसके अंतर्गत दिनांक 05 फरवरी 2026 (गुरुवार) को जनपद अमेठी में विशेष अभियान की तिथि घोषित किया गया है। इस विशेष अभियान दिवस पर जनपद के समस्त मतदेय स्थलों पर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्रातः 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे। इस दौरान वे प्रारूप मतदाता सूची का प्रदर्शन करेंगे तथा गणना चरण के दौरान अनुपस्थित, मृतक, दोहरी प्रविष्टि, अनट्रेस्ड एवं स्थानांतरित मतदाताओं की सूची भी प्रदर्शित की जाएगी। साथ ही, मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां भी प्राप्त की जाएंगी। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि यदि किसी अर्ह मतदाता का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित होने से छूट गया हो तो वह फार्म-6 के साथ घोषणा पत्र संलग्न कर आवेदन कर सकता है। किसी मृतक अथवा गलत मतदाता का नाम हटवाने के लिए फार्म-7 तथा नाम, पता या अन्य विवरण में त्रुटि सुधार के लिए फार्म-8 भरकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी को निर्धारित तिथि पर मतदेय स्थल पर प्रस्तुत किया जा सकता है। उन्होंने इस संबंध में जनपद के समस्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी अपील की है कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत निर्धारित विशेष अभियान दिवस 05 फरवरी 2026 को अपने-अपने बीएलए को मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहने एवं अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं के फार्म भरवाने हेतु निर्देशित करें, जिससे निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप मतदाता सूची को अधिक से अधिक शुद्ध एवं अद्यतन किया जा सके।
