बीसलपुरः यह बजट उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को देगा नई मजबूती - विकास प्रधान
February 11, 2026
बीसलपुर। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तुत अब तक के सबसे बड़े बजट को लेकर भाजपा नेता विकास प्रधान ने इसे विकासोन्मुखी और संतुलित बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रदेश की अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के साथ-साथ महिला, किसान, युवा, शिक्षा, लघु उद्योग एवं आधारभूत संरचना जैसे सभी महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर केंद्रित है। विकास प्रधान ने कहा कि वित्त मंत्री द्वारा शिक्षा क्षेत्र के लिए 12 प्रतिशत से अधिक बजट का प्रावधान करना दूरगामी प्रभाव डालेगा। साथ ही चिकित्सा क्षेत्र में भी बजट वृद्धि से स्वास्थ्य सेवाएं और सुदृढ़ होंगी। उन्होंने कहा कि पूंजीगत व्यय में वृद्धि से प्रदेश में आधारभूत संरचना मजबूत होगी और नए निवेशकों को आकर्षित करने में मदद मिलेगी, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने लघु उद्योगों के लिए वित्तीय सहायता एवं प्रोत्साहन की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण बाहुल्य प्रदेश में यह कदम रोजगार और निर्यात बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगा। साप्ताहिक बाजारों और हाटों में मुद्रा प्रवाह बढ़ने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। विकास प्रधान ने कहा कि नए लेबर अड्डों की स्थापना, छात्रवृत्ति योजनाओं को प्रोत्साहन तथा उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन की स्थापना युवाओं के लिए लाभकारी सिद्ध होगी। औद्योगिक क्षेत्र के विस्तार हेतु वित्तीय आवंटन और नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना प्रदेश की इंफ्रास्ट्रक्चर और आर्थिक विकास दर को बढ़ाएगी। उन्होंने ग्रामीण सड़कों के चैड़ीकरण और शहरी विकास में संतुलन को बजट की विशेषता बताते हुए कहा कि सहकारिता क्षेत्र में विश्व की सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना तथा डिजिटलीकरण और एआई के सुनियोजित विकास की संकल्पना प्रदेश को “उत्तम प्रदेश” बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने यह भी कहा कि राजस्व घाटे को सीमित रखते हुए और राजकोषीय घाटे को तीन प्रतिशत तक नियंत्रित करने का लक्ष्य वित्तीय अनुशासन की मिसाल है। हालांकि, उन्होंने कहा कि विकास की यह गति निरंतर बनी रहनी चाहिए।
