लखीमपुर खीरी। विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर जनपद में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव एवं समय रहते पहचान को लेकर विशेष पहल की जा रही है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि 4 फरवरी 2026 को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, निर्मल नगर में एक वृहद कैंसर जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक संचालित रहेगा।सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने बताया कि शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा सर्वाइकल (गर्भाशय) कैंसर, स्तन कैंसर एवं मुख (ओरल) कैंसर की निःशुल्क स्क्रीनिंग की जाएगी। साथ ही कैंसर से बचाव हेतु जन-जागरूकता भी की जाएगी, ताकि लोग प्रारंभिक लक्षणों को पहचान सकें और समय पर उपचार ले सकें।
शिविर में आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा, सामान्य ओपीडी सेवाएं, हाइपरटेंशन एवं डायबिटीज की जांच भी की जाएगी। डॉ. गुप्ता ने बताया कि सभी जांच एवं परामर्श निःशुल्क उपलब्ध रहेंगे।
इस अवसर पर सदर विधायक योगेश वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। सीएमओ ने जनपदवासियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस शिविर का लाभ उठाएं और स्वस्थ जीवन की ओर कदम बढ़ाएं।
