Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

संग्रामपुर: गुटखा चोर सक्रिय! गश्त को धता बताकर हजारों का माल पार


संग्रामपुर/अमेठी। जहां एक तरफ पान-मसाले की बढ़ती कीमतों ने शौकीनों की जेब ढीली कर रखी है, वहीं अब चोरों की नजरें भी इन महंगे ब्रांड्स पर टिक गई हैं। अमेठी के भेटुआ ब्लॉक स्थित नौगिरवा बाजार से एक ऐसी वारदात सामने आई है , जिसने पुलिसिया गश्त और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। हैरानी की बात यह है कि वारदात उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की शाखा के ठीक बगल में हुई। गुरुवार रात चोरों ने 62 वर्षीय रामदेव दूबे की गुमटी को निशाना बनाया। चोरों ने गुमटी में बड़ा छेद (सेंध) किया और अंदर रखा कीमती पान-मसाला साफ कर दिया। महंगाई के इस दौर में चोरों ने नकद से ज्यादा सामान पर फोकस किया। चोरी हुए सामान में शामिल है 5 पैकेट कमला पसंद , 4 पैकेट विमल , 5 पैकेट राजश्री , 2 पैकेट सिग्नेचर , तुलसी और रजनीगंधा के स्टॉक समेत अन्य कीमती सामान।पीड़ित के मुताबिक, हाल ही में भरा गया हजारों रुपये का स्टॉक गायब है। यह गुमटी उनके परिवार के भरण-पोषण का एकमात्र जरिया थी। बाजार के जानकारों का कहना है कि हाल ही में पान-मसाले के दामों में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है। जो पान मसाला पहले 5 रुपये प्रति पुड़िया मिलता था अब 9 से 10 रुपये प्रति पुड़िया दाम दोगुने होने की वजह से चोरों के लिए अब यह छोटा सामान, बड़ा मुनाफा वाला सौदा बन गया है। घटनास्थल बैंक के पास होने के कारण यहां रात में पुलिस और होमगार्ड की तैनाती रहती है। इसके बावजूद चोरों ने इत्मीनान से सेंधमारी की और रफूचक्कर हो गए। अमेठी कोतवाली प्रभारी रवि कुमार सिंह ने उचित कार्रवाई का आश्वासन तो दिया है, लेकिन व्यापारियों में डर का माहौल है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |