कन्नौज। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने अवगत कराया कि जिलाधिकारी के कुशल मार्गदर्शन मे जनपद कन्नौज के समस्त विद्यालयों मे पी.एम. पोषण (मध्यान्ह भोजन) योजना का संचालन पूर्णतः सुव्यवस्थित पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जा रहा है। विद्यालयों मे अध्ययनरत बच्चों को पौष्टिक स्वच्छ एवं संतुलित भोजन उपलब्ध कराने को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है जिससे नन्हे-मुन्ने बच्चों का स्वास्थ्य सुदृढ़ हो और उनकी शैक्षिक उपस्थिति व एकाग्रता में निरंतर वृद्धि हो।
उन्होंने बताया कि जनपद के 1006 परिषदीय प्राथमिक विद्यालय 250 उच्च प्राथमिक विद्यालय 194 कम्पोजिट विद्यालय 30 अशासकीय सहायता प्राप्त उच्च प्राथमिक विद्यालय 13 सहायता प्राप्त मदरसे 04 दीनदयाल उपाध्याय राजकीय विद्यालय 01 अनुदानित संस्कृत विद्यालय एवं 60 इंटर कॉलेज इस प्रकार कुल 1576 विद्यालयों मे निर्धारित मेन्यू के अनुसार मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य ऊर्जा एवं सर्वांगीण विकास को दृष्टिगत रखते हुए प्रत्येक सोमवार को विद्यालयों मे फल वितरण की व्यवस्था की गई है। इसी क्रम मे आज जनपद के विद्यालयों मे फल वितरित किए गए जिससे बच्चों मे विशेष उत्साह एवं प्रसन्नता देखने को मिली।
