डोकलाम का जिक्र करके राहुल गांधी की चुनौती- सरकार किस बात से घबरा रही है
February 02, 2026
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने चीन और डोकलाम का मुद्दा उठाते हुए सरकार पर सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि सरकार किसी रिपोर्ट या जानकारी को छिपा रही है और इसी वजह से घबराई हुई नजर आ रही है. राहुल गांधी ने दावा किया कि डोकलाम के समय चीनी सेना के टैंक भारतीय सीमा में घुसे थे. इसके अलावा उन्होंने कहा कि सरकार किस बात से घबरा रही है. मुझे बयान पढ़ने दिया जाए.
राहुल गांधी ने कहा कि वह यह मुद्दा उठाने वाले नहीं थे, लेकिन कांग्रेस की देशभक्ति पर सवाल खड़े किए गए, इसलिए उन्हें बोलना पड़ा. उन्होंने कहा कि वह पूर्व सेना प्रमुख जनरल नरवणे की किताब से जुड़ा एक अंश पढ़ना चाहते हैं. राहुल गांधी ने बताया कि उस किताब में उस समय की घटनाओं का जिक्र है, जब चीनी टैंक भारतीय इलाके में दाखिल हुए थे और डोकलाम की एक पहाड़ी पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे.
राहुल गांधी के डोकलाम का जिक्र करते ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आपत्ति दर्ज कराई. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के अभिभाषण में इस तरह की किसी बात का जिक्र नहीं था. राजनाथ सिंह ने सवाल उठाया कि जिस किताब का राहुल गांधी हवाला दे रहे हैं, क्या वह प्रकाशित हुई है या नहीं. रक्षा मंत्री ने साफ कहा कि जनरल नरवणे की जिस किताब का जिक्र किया जा रहा है, वह अभी तक प्रकाशित नहीं हुई है. उन्होंने राहुल गांधी पर सदन को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि बिना पुख्ता आधार के इस तरह की बातें नहीं की जानी चाहिए.
इस पर गृह मंत्री अमित शाह ने भी आपत्ति जताई और कहा कि राहुल गांधी को साफ करना चाहिए कि वह जिस किताब का हवाला दे रहे हैं, वह प्रकाशित है या नहीं. उन्होंने भी कहा कि सदन में सही और प्रमाणित जानकारी रखी जानी चाहिए. वहीं, इस बहस के दौरान समाजवादी पार्टी के सांसद अखिलेश यादव ने राहुल गांधी के समर्थन में बात रखी. उन्होंने कहा कि चीन से जुड़ा मामला बेहद संवेदनशील है और ऐसे मुद्दों पर लोकसभा में विपक्ष के नेता को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार होना चाहिए.
