लखनऊः सरकारी तालाब व खेतों में मिट्टी खनन का खेल, कई घन मीटर अवैध खनन हुआ उजागर! बीकेटी महिंगवा क्षेत्र में ताबड़तोड़ कार्रवाई, डंपर जब्त, एफआईआर हुई दर्ज
February 02, 2026
लखनऊ। लखनऊ जिले की बख्शी का तालाब तहसील अंतर्गत महिंगवा थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव में मत्स्य विभाग को आवंटित सरकारी तालाब गाटा संख्या 606(ख) में मिट्टी खनन करने वाले खुलेआम सरकारी संपत्ति को नुकसान किया गया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने चोरी छिपे 3175 घन मीटर मिट्टी का अवैध खनन कर उसे बेच दिया। मामले में क्षेत्रीय लेखपाल वंदना श्रीवास्तव की तहरीर पर महिंगवा थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। इधर, बीकेटी थाना क्षेत्र के देवरी रुखारा गांव में भी अवैध खनन का बड़ा मामला सामने आया, गांव निवासी मेवालाल के खेत गाटा संख्या 1099 व 1100 में बिना रॉयल्टी के 1599 घन मीटर मिट्टी का अवैध खनन किया गया। सोमवार तड़के नायब तहसीलदार पांडेय ने मौके पर छापा मारकर अवैध खनन करते हुए एक डंपर व चालक आरुप निवासी दुबग्गा को पकड़कर बीकेटी पुलिस के हवाले कर दिया। इस मामले में क्षेत्रीय लेखपाल रेशमा रानी ने थाने में तहरीर दी है। वही एसीपी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों थानों में खननकर्ताओं के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जा रही है। वहीं नायब तहसीलदार ने बताया कि जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेज दी गई है, जिसके बाद भारी जुर्माना वसूली की कार्रवाई की जायेगी।
