Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

आगरा: केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने गिनाईं बजट की प्रमुख उपलब्धियां! शोर से नहीं, संवाद से चलेगा देश-डॉ. वीरेंद्र कुमार


आगरा। केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में आयोजित बजट चर्चा कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय बजट 2026दृ27 की प्रमुख उपलब्धियों को विस्तार से बताया। उन्होंने विपक्ष पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष केवल शोर-शराबा कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को नुकसान पहुंचा रहा है।

डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि “देश शोर से नहीं, संवाद से चलेगा।” उन्होंने कहा कि विपक्ष संसद का कीमती समय बर्बाद कर जनता के टैक्स के पैसे का दुरुपयोग कर रहा है। सरकार हर विषय पर चर्चा को तैयार है, लेकिन विपक्ष का उद्देश्य केवल सदन को बाधित करना रह गया है।

केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष द्वारा अर्थव्यवस्था को लेकर लगाए जा रहे आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है। पहले भारत विश्व की 11वीं अर्थव्यवस्था था, आज चैथे स्थान पर है और शीघ्र ही तीसरे स्थान पर पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत के बढ़ते कदमों को स्वीकार कर रही है।

डॉ. कुमार ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि दशकों तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस देश को विकास की गति नहीं दे सकी। उन्होंने मोबाइल निर्माण का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले मोबाइल विदेशों से आते थे, लेकिन आज भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता देश बन चुका है।

केंद्रीय मंत्री ने बजट की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट गरीब, किसान, युवा और महिलाओं सहित समाज के सभी वर्गों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यह बजट रिफॉर्म, ग्रोथ और फिस्कल डिसिप्लिन का संतुलित दस्तावेज है।

उन्होंने बताया कि एमएसएमई के लिए 10,000 करोड़ रुपये के प्रावधान से उत्तर प्रदेश को विशेष लाभ मिलेगा, क्योंकि प्रदेश में करीब 96 लाख एमएसएमई इकाइयां हैं, जिनसे तीन करोड़ लोग जुड़े हैं। ओडीओपी योजना को भी इससे नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि 12.20 लाख करोड़ रुपये का इंफ्रास्ट्रक्चर फंड उत्तर प्रदेश के विकास, कनेक्टिविटी और रोजगार को नई दिशा देगा। रेलवे के कायाकल्प के लिए बजट में 20,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। देशभर में बनने वाले 7 हाईस्पीड कॉरिडोर में से दो उत्तर प्रदेश को मिले हैं।

डॉ. वीरेंद्र कुमार ने बताया कि रक्षा बजट में एक लाख करोड़ रुपये की वृद्धि की गई है। उत्तर प्रदेश डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनकर उभर रहा है। लखनऊ में ब्रह्मोस यूनिट, कानपुर में अडानी एम्युनेशन और झांसी में डिफेंस यूनिट जैसे प्रोजेक्ट तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर यह बजट “सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास” की भावना से प्रेरित है और अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के विकास के लिए समर्पित है।

इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष श्री राजकुमार गुप्ता, विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, एमएलसी विजय शिवहरे, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, विधायक भगवान सिंह कुशवाह सहित कई पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |