आगरा। भारत सरकार के काउंसिलर टूर प्रोग्राम के अंतर्गत विकसित केरलम राज्य से आए प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को आगरा नगर निगम एवं आगरा स्मार्ट सिटी द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों का भ्रमण किया।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल को नगर निगम एवं स्मार्ट सिटी परियोजनाओं के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से कुबेरपुर स्थित वेस्ट टू एनर्जी प्लांट का निरीक्षण किया तथा शहर में संचालित डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, 5आर प्रोग्राम एवं कबाड़ से कमाल कार्यक्रम के बारे में बारीकी से जानकारी प्राप्त की।
इसके साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम परिसर, सभागार, सदन कक्ष तथा स्मार्ट सिटी के अंतर्गत स्थापित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल रूम का भी भ्रमण किया और वहां की व्यवस्थाओं की सराहना की।
इस दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चैहान, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, भाजयुमो महानगर अध्यक्ष शैलू पंडित, अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं पार्षदों का दल उपस्थित रहा।
नगर निगम व स्मार्ट सिटी द्वारा किए जा रहे नवाचारपूर्ण विकास कार्यों को देखकर प्रतिनिधिमंडल ने आगरा मॉडल को प्रेरणादायक बताया।
