Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

प्रतापगढः महाशिवरात्रि की तैयारियों का जायजा लेने बाबा घुइसरनाथधाम पहुँचे डीएम व एसपी! श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, महाशिवरात्रि पर चाक-चैबंद रहेंगी व्यवस्थाएं


प्रतापगढ़। जिले में महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय दिखाई दे रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी एवं पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने शुक्रवार को प्रसिद्ध तीर्थस्थल बाबा घुइसरनाथधाम पहुँचकर पूजा-अर्चना की तथा पर्व की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। बाबा घुइसरनाथ धाम पर जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी एवं अन्य सम्बन्धित अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की। डीएम एवं एसपी ने मन्दिर परिसर का गहनता से निरीक्षण किया। उन्होने निर्देशित किया कि महाशिवरात्रि पर्व पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े इसका विशेष ध्यान दिया जाये। श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न होने पाये। मन्दिर की व्यवस्थाओं की निरन्तर निगरानी करते रहेगें यदि किसी भी श्रद्धालु को कोई दिक्कत हो तो उसका निस्तारण भी करायें। मन्दिर परिसर में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था रहें जिससे श्रद्धालुओं को पूजा अर्चना करने में कोई दिक्कत न होने पाये। मेले में सुरक्षा व्यवस्था, महिला पुलिस की तैनाती, वैरीकैडिंग, फायर बिग्रेड, नदी के किनारे नाव व गोताखोर आदि की व्यवस्था सुनिश्चित रहे। मेला क्षेत्र में अस्थायी चिकित्सा केन्द्र, एम्बुलेन्स आदि की व्यवस्था रहे। मन्दिर परिसर में पानी की व्यवस्था निरन्तर बनी रहे और पानी के टैंकर की व्यवस्था निर्धारित स्थल पर की जाये। मेला क्षेत्र में विद्युत की आपूर्ति निरन्तर बनी रहे, इसमें अनावश्यक रूप से कटौती न की जाये। उपजिलाधिकारी लालगंज को निर्देशित किया गया कि बाबा घुइसरनाथधाम सम्पूर्ण मेला क्षेत्र की निगरानी करते रहे और सम्बन्धित अधिकारियों से समन्वय बनाकर महाशिवरात्रि पर्व को सकुशल सम्पन्न करायेगें। उन्होने बाबा घुइसरनाथधाम में 31वॉ राष्ट्रीय एकता महोत्सव में आवश्यक व्यवस्थाओं के सम्बन्ध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। डीएम ने बाबा घुइसरनाथधाम में भीड़ प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था तथा यातायात नियंत्रण आदि के सम्बन्ध में अधिकारियों को दिशा निर्देश दिये। 

इसके उपरांत दोनों अधिकारियों ने मंदिर स्थित तालाब व नदी घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर प्रबंधन से नदी की गहराई, घाटों की सुरक्षा व्यवस्था एवं साफ-सफाई की स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। जिलाधिकारी ने घाटों की स्वच्छता, बैरिकेडिंग एवं प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक प्रबंध पहले से तैयार रहें। इस दौरान डीएम एवं एसपी द्वारा मछलियों को दाना भी खिलाया गया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी लालगंज शैलेन्द्र कुमार वर्मा सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |