शाहबाद: सरकारी तालाब की भूमि से कब्जा हटा ले गई राजस्व टीम से हुई नोंकझोंक
February 21, 2026
शाहबाद। तहसील के सामने स्थित सरकारी तालाब की भूमि से कब्जा हटाने गई राजस्व टीम की महंत से तीखी नोंकझोंक हो गई। महंत अपनी पत्नी के साथ मौके पर आ गया और बिना नोटिस दिये कार्रवाई का विरोध करने लगे। इस पर टीम पुलिस बल की मौजूदगी में आंशिक कार्रवाई कर वापस लौट आई। बताते चलें कि कुछ दिन पूर्व अधिवक्ता ने प्रशासन से शिकायत की थी कि तहसील के सामने तालाब की भूमि पर अवैध कब्जा किया गया है। शिकायत के बाद राजस्व विभाग ने भूमि की पैमाइश कर सीमांकन किया और निशान लगाए। शनिवार को राजस्व विभाग की टीम नायब तहसीलदार राजेश कुमार के नेतृत्व में जेसीबी मशीन लेकर मौके पर पहुंची और चिन्हित हिस्से पर बुलडोजर चलाकर कब्जा हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। इस दौरान दौरान महंत ने अधिकारियों के सामने ही विरोध जताना शुरू कर दिया। नोंकझोंक इस हद तक बढ़ गई कि महंत ने लेखपाल पर एक लाख रूपये रिश्वत मांगने का आरोप लगाया। जिस पर हल्का लेखपाल भी भड़क उठे। विवाद बढ़ता देख राजस्व टीम आंशिक कब्जा हटाकर वापस लौट आईं। इस दौरान कोतवाल प्रदीप कुमार, निरीक्षक जयप्रकाश सिंह, उपनिरीक्षक रमेश चंद्र समेत भारी पुलिस बल तैनात रहा।
