Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

उन्नाव: अधेड़ ने घर के आंगन में फांसी लगाकर दी जान


उन्नाव। जनपद  के  गंगाघाट थाना क्षेत्र के कंचन नगर बी क्षेत्र में एक 55 वर्षीय व्यक्ति ने अपने घर के आंगन में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना सोमवार दोपहर करीब 2 बजे की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान लवकुश 55 वर्ष  पुत्र छोटेलाल, निवासी कंचन नगर बी, उन्नाव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, लवकुश निजी नौकरी करते थे। उनका बड़ा बेटा सुशील हैदराबाद में कार्यरत है, जबकि छोटा बेटा सुनील उनके साथ रहता है और बढ़ई का काम करता है।

सोमवार दोपहर जब सुनील अपनी पत्नी के साथ दवा लेने बाहर गए थे, तब लवकुश घर पर अकेले थे। इसी दौरान उन्होंने आंगन में लगे लोहे के जाल में साड़ी से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। सुनील के लौटने पर उन्होंने अपने पिता को फंदे से लटका देखा। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग इकट्ठा हुए और पुलिस को सूचना दी गई।

घटना के समय मृतक की पत्नी कमलेश घर पर नहीं थीं। वह कानपुर में अपनी बहन मिथिलेश से मिलने गई थीं, जिनकी तबीयत खराब थी। परिजनों ने बताया कि लवकुश पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में थे। उनके खिलाफ मारपीट से जुड़ा एक मुकदमा चल रहा था, जिसके कारण वे परेशान थे।

पुलिस ने आशंका जताई है कि इसी तनाव के चलते लवकुश ने यह आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक जांच-पड़ताल की। प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |