Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

पीलीभीत: नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने किया सड़क का लोकार्पण! जलभराव-कीचड़ से मिली राहत पर क्षेत्रवासियों में खुशी


पीलीभीत। शहर में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद द्वारा संचालित “28 दिन, 28 लोकार्पण” अभियान के तहत वार्ड संख्या 03 स्थित मोहल्ला मोहम्मद फारूक में नवनिर्मित सड़क का विधिवत लोकार्पण किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने फीता काटकर एवं शिलापट का अनावरण कर सड़क का उद्घाटन किया। इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों में उत्साह का माहौल रहा और लोगों ने तालियों व स्वागत नारों के साथ कार्यक्रम को उत्सव का रूप दे दिया।पालिका प्रशासन के अनुसार यह सड़क निर्माण कार्य मोहम्मद अहमद के मकान से रामपाल के मकान तक कराया गया है, जिससे क्षेत्र की प्रमुख आवागमन समस्या का समाधान हुआ है। लंबे समय से खराब रास्ते, जलभराव और कीचड़ के कारण लोगों को विशेषकर बरसात के दिनों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब नई सड़क बनने से न केवल आवागमन सुगम हुआ है बल्कि आसपास के घरों व दुकानों तक पहुंच भी सरल हो गई है।लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने पालिका अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया। कई स्थानों पर महिलाओं और बच्चों ने छतों से फूल बरसाकर उनका अभिनंदन किया तथा सड़क निर्माण के लिए आभार व्यक्त किया। नागरिकों ने कहा कि इस कार्य से मोहल्ले में विकास की नई शुरुआत हुई है और आने वाले समय में अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास की भी उम्मीद जगी है।कार्यक्रम में सभासद शबनम, विकास बाबू, अमित बाल्मीकी, सुजीत शर्मा, सभासद साकेत सक्सेना, निजाकत अली कादरी, वतनदीप मिश्रा, निर्मल सिंह टीटू, विपिन राजू फौजी, राशिद हुसैन, इकबाल हजरत, अनस अंसारी, मोहम्मद शरीफ, इमरान अंसारी, विपिन मिश्रा, कमलेश वर्मा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से भविष्य में भी इसी तरह विकास कार्य जारी रखने की अपेक्षा जताई।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |