अमेठीः यूपी बोर्ड परीक्षा शुरू! छात्रों ने कहा- बहुत अच्छा गया हिंदी का पेपर
February 18, 2026
अमेठी। जनपद में कल से यूपी बोर्ड हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी के बीच शुरू हो गई। प्रथम पाली में हाईस्कूल के छात्र-छात्राएं परीक्षा देने के लिए निर्धारित केंद्रों पर पहुंचे। जिले में बनाए गए 85 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा कराई जा रही है, जिसमें इस वर्ष कुल 48,333 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा को नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 85 केंद्र व्यवस्थापक, 4 जोनल सेक्टर प्रभारी, 13 सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा 85 स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। परीक्षा देकर बाहर निकले छात्रों ने बताया कि हिंदी का प्रश्नपत्र आसान रहा और उनका पेपर बहुत अच्छा गया। अधिकांश विद्यार्थियों ने कहा कि प्रश्न पाठ्यक्रम के अनुसार थे, जिससे उन्हें लिखने में कोई विशेष कठिनाई नहीं हुई। प्रशासन की ओर से सभी केंद्रों पर सुरक्षा, पेयजल, शौचालय सहित आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित कराई गई है, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
