Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

उन्नाव: बंदरों के दौड़ाने पर घर की छत से गिरे वृद्ध किसान की इलाज के दौरान हुई मौत


उन्नाव। जनपद  के पुरवा थाना क्षेत्र के चमियानी गांव में एक वृद्ध किसान की इलाज के दौरान मौत हो गई। बुधवार सुबह बंदरों के दौड़ाने से वह अपने घर की छत से गिर गए थे। गुरुवार को उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, चमियानी निवासी 58 वर्षीय महावीर सिंह पुत्र स्वर्गीय हरदेव लाल बुधवार सुबह किसी काम से अपने घर की छत पर गए थे। इसी दौरान अचानक बंदरों का एक झुंड वहां पहुंच गया। बताया जा रहा है कि एक बंदर ने उन्हें दौड़ा लिया, जिससे घबराकर वह पीछे हटे और संतुलन बिगड़ने से छत से नीचे गिर पड़े।

छत से गिरने के कारण उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर परिजन और पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया, जहां गुरुवार को उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

मृतक महावीर सिंह गांव में खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं, जो दोनों ही दिव्यांग बताए जा रहे हैं। पिता के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है।  पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |