Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

आगराः प्रोजेक्ट अलंकार के तहत अशासकीय विद्यालयों के भवनों का होगा कायाकल्प! जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सहयोगी अनुदान योजना की समीक्षा बैठक सम्पन्न


आगरा। जिलाधिकारी  अरविन्द मल्लप्पा बंगारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में प्रोजेक्ट अलंकार के अंतर्गत अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के जीर्णोद्धार, मरम्मत, पुनर्निर्माण एवं अवस्थापन सुविधाओं हेतु सहयोगी अनुदान योजना को लेकर समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।

बैठक में बताया गया कि योजना के अंतर्गत उन विद्यालयों को प्राथमिकता दी जाएगी जिनकी मान्यता अवधि 01 अप्रैल 2023 को 75 वर्ष पूर्ण कर चुकी है और जिनके भवन जर्जर अवस्था में हैं। इसके अलावा अत्यंत जर्जर भवन वाले 75 वर्ष से कम अवधि के विद्यालयों को भी जिला स्तरीय समिति की संस्तुति एवं शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) के अनुमोदन के बाद योजना में शामिल किया जा सकेगा।

डीआईओएस ने जानकारी दी कि 300 से कम छात्र संख्या वाले विद्यालय इस योजना के दायरे में नहीं आएंगे। योजना के तहत विद्यालयों की बाउंड्री, शौचालय, अध्ययन कक्ष, लाइब्रेरी, कॉमन रूम, प्रयोगशाला, पेयजल सुविधा, छत, फर्श, दरवाजे, खिड़कियों की मरम्मत, रंगाई-पुताई सहित अन्य अवस्थापन कार्य कराए जाएंगे।

बैठक में यह भी बताया गया कि कार्यों के लिए धनराशि शासन एवं संबंधित संस्था द्वारा संयुक्त रूप से वहन की जाएगी। इसमें 75 प्रतिशत योगदान शासन का तथा 25 प्रतिशत संस्था का होगा। संस्था अपने हिस्से की धनराशि प्रबंधन तंत्र, सांसदध्विधायक निधि, सीएसआर फंड, पूर्व छात्रों अथवा क्षेत्र के प्रतिष्ठित व्यक्तियों एवं संस्थाओं से सहयोग लेकर जुटा सकती है

जनपद में प्रथम सूची में 08 विद्यालयों को चिन्हित किया गया है, जिनमें बजाज राष्ट्रीय इंटर कॉलेज फतेहपुरसीकरी, जनता इंटर कॉलेज फतेहाबाद, जनता इंटर कॉलेज मिढ़ाकुर,  गोपीचन्द्र शिवहरे सनातन धर्म कन्या इंटर कॉलेज मुफीद एवं आम, डीएवी इंटर कॉलेज कुण्डौल,  रत्नमुनि जैन इंटर कॉलेज आगरा तथा श मोतीलाल इंटर कॉलेज सैया शामिल हैं।

जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था नामित कर शीघ्र एस्टीमेट तैयार कर शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती प्रतिभा सिंह सहित वित्त व लेखा विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं पीडब्लूडी के सहायक अभियंता उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |