Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

उत्तराखडः चारधाम यात्रा से पहले प्रशासन एक्शन मोड में, जिलाधिकारी ने परखी व्यवस्थाएं! यात्रा पड़ाव सहित मार्ग पर स्ट्रीट लाईट और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो - जिलाधिकारी


उत्तराखड । आगामी चारधाम यात्रा को सुचारु, सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी प्रशांत आर्य द्वारा आज यमुनोत्री धाम चारधाम यात्रा से संबंधित प्रमुख मार्गों, पड़ावों एवं व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने यात्रा मार्गों की स्थिति, पैदल मार्ग, सड़क सुरक्षा, यात्री सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन, पार्किंग स्थलों, आवासीय व्यवस्थाओं एवं आपदा प्रबंधन से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कर ली जाएं।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एनएच, लोनिवि, जल संस्थान और विद्युत विभाग के अधिकारियों को यात्रा रूट पर निर्बाध सेवाओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने पैदल मार्ग पर संवेदनशील स्थानों का चिन्हीकरण कर वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने तथा घोड़े-खच्चरों के लिए गर्म पानी व पड़ावों पर स्वच्छता की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सुरक्षात्मक कार्यों में गुणवत्ता की किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग को यात्रा मार्गों एवं प्रमुख पड़ावों पर मेडिकल राहत पोस्ट, एंबुलेंस, आवश्यक दवाइयों एवं चिकित्सकीय स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अधिशासी अभियंता यूपीसीएल को स्यानाचट्टी, रानाचट्टी, हनुमान चट्टी, जानकीचट्टी और मंदिर परिसर में स्ट्रीट लाइट्स और पोल सहित निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। पालीगाड़ बाजार में जल भराव की समस्या के निराकरण के लिए चल रहे सीसी कार्य को मार्च से पहले पूरा करने और अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए अधिशासी अभियंता एनएच को अवश्यक कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया। औजरी पुल के मरम्मत कार्य शुरू होने से पूर्व वैकल्पिक पैच मार्ग तैयार कर आवागमन सुचारु रखें। डाबरकोट भूस्खलन जोन सहित अन्य भूस्खलन ट्रीटमेंट कार्यों में तेजी लाई जाए तथा डंपिंग जोन को व्यवस्थित तरीके से उपयोग करें ताकि यात्रा के दौरान कोई अव्यवस्था ना हो। रानाचट्टी में सड़क चैड़ीकरण के दौरान बीच में आ रहे पोल के युटिलिटी शिफ्टिंग के लिए एनएच और विद्युत विभाग को समन्वय स्थापित कर शिफ्टिंग का कार्य जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिये।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने हलना-कुथनौर सड़क मार्ग की संवेदनशीलता को देखते हुए अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई को रिटेनिंग वॉल निर्माण का कार्य तत्काल शुरू करने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कार्यदायी संस्था को स्पष्ट किया कि यात्रा सीजन और स्थानीय आवाजाही के मद्देनजर सुरक्षा कार्यों में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने लोनिवि गेस्ट हाउस जानकीचट्टी में यमुनोत्री यात्रा से संबंधित अधिकारियों और हितधारकों के साथ बैठक ली। इस दौरान यात्रा को लेकर जिलापंचायत की तैयारियों की जानकारी ली तथा शौचालय और साफदृसफाई की व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखने के निर्देश दिये। उन्होंने मंदिर समिति एवं स्थानीय हितधारकों के साथ समन्वय स्थापित कर यात्रा को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने की बात कही। 

अधिशासी अभियंता लोनिवि को यात्रा रूट पर साइनेज और सौंदर्यकरण संबंधित सभी कार्य करने और हेलीपैड के सड़क पैच को जिला योजना में रखने के निर्देश दिये। खरसाली पुल से खरसाली मंदिर तक की सड़क को लोनिवि को हस्तांतरित करने के लिए के लिए उपजिलाधिकारी, ब्रिडकुल और लोनिवि को संयुक्त टीम बनाकर सोमवार तक निरीक्षण करके रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। प्लास्टिक कचरे को यमुना नदी में गिरने से रोकने के लिए लोनिवि को पैदल यात्रा मार्ग पर नेट जाली लगाने के निर्देश दिये।

जिलाधिकारी ने कहा कि चारधाम यात्रा प्रदेश एवं जनपद के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिसमें देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा एवं स्वास्थ्य प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

इस दौरान जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने राष्ट्रीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय स्यानाचट्टी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारी को बच्चों के स्कूल जाने वाले रस्ते का निर्माण करने के निर्देश दिए ताकि स्कूली बच्चों को आवाजाही में समस्या ना हो। बच्चों से अध्यापन सम्बंधित स्थिति भी जांची तथा अधिशासी अभियंता जल संस्थान को स्कूल के अंदर पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

निरीक्षण के दौरान पर उप जिलाधिकारी मुकेश रमोला,अधिशासी अभियंता जल संस्थान विनोद पांडे,अधिशासी अभियंता एनएच मनोज रावत, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल धर्मवीर सिंह, अधिशासी अभियंता लोनिवि तरुण कंबोज , प्रभारी निरीक्षक थाना बड़कोट सुभाष चंद एवं अन्य  अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |