Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

पीलीभीत: नवरात्रि मेले से पहले श्रद्धालुओं और नागरिकों को मिली बड़ी राहत! बेनहर चैराहे से आवास विकास चैराहे तक यशवंतरी मंदिर मार्ग का लोकार्पण


पीलीभीत। नगर पालिका परिषद द्वारा शहर में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “28 दिन, 28 लोकार्पण” अभियान के अंतर्गत वार्ड संख्या 08 में यशवंतरी मंदिर मार्ग का विधिवत लोकार्पण नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल द्वारा शिलापट का अनावरण कर किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया।पालिका प्रशासन की ओर से कराए गए निर्माण कार्य के तहत बेनहर चैराहे से आवास विकास चैराहे तक नई सड़क का निर्माण कराया गया है। लंबे समय से जर्जर मार्ग के कारण क्षेत्रवासियों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, विशेषकर बरसात और त्योहारों के समय स्थिति और गंभीर हो जाती थी। नई सड़क बनने से अब स्थानीय निवासियों, दुकानदारों तथा राहगीरों को सुगम यातायात की सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की एक पुरानी समस्या का स्थायी समाधान हो गया है। इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने कहा कि शहर में आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण नगर पालिका की प्राथमिकता है और “28 दिन, 28 लोकार्पण” अभियान इसी संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि होली का पर्व निकट है और उसके तुरंत बाद चैत्र नवरात्रि का शुभारंभ होगा। यशवंतरी देवी मंदिर में नवरात्रि के दौरान विशाल मेला आयोजित होता है, जिसमें दूर-दराज से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुचारु यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए नवरात्रि से पहले इस मार्ग का निर्माण पूर्ण कर लोकार्पण कराया गया है।लोकार्पण समारोह के दौरान क्षेत्रवासियों ने पालिका अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया। कई स्थानों पर लोगों ने छतों से फूल बरसाकर उनका अभिनंदन किया तथा सड़क निर्माण के लिए आभार व्यक्त किया। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि यह सड़क न केवल आवागमन को आसान बनाएगी बल्कि क्षेत्र के विकास और व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति देगी।

कार्यक्रम में सभासद विपिन गंगवार (राजू फौजी), साकेत सक्सेना, वतनदीप मिश्रा, सुनीता सिंह, राशिद हुसैन, शिवम श्रीवास्तव, परविंदर सिंह सैहमी, गौरव अवस्थी, नरेन्द्र तिवारी, विपिन मिश्रा, पंकज तिवारी, विपिन त्यागी, सुखदीप सिंह, पंकज राजपूत, अरविंद राठौर, सुनील सैनी, विकास चंद्र गुप्ता, गगनदीप, कमलेश वर्मा, सनी मौर्य, अंकित मौर्य, विपुल पांडेय, राहुल पांडेय, राजीव शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |