पीलीभीत। थाना कोतवाली नगर पुलिस ने एनडीए परीक्षा पास कराने का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता राकेश कुमार निवासी नकटादाना ने 16 जुलाई 2025 को तहरीर देकर बताया कि उनके पुत्र राज दीवान, जो वर्ष 2024 में कक्षा-11 में अनुत्तीर्ण हो गया था, को आरोपी रजनीकांत शर्मा ने भरोसा दिलाया कि वह उसे 12वीं के साथ-साथ एनडीए भी पास करा देगा।शिकायत के मुताबिक आरोपी ने वर्ष 2024-25 के दौरान अलग-अलग तिथियों में यूपीआई, आरटीजीएस और पेटीएम के माध्यम से कुल ₹4,49,500 वसूल लिए। आरोप है कि पैसे लेने के बाद न तो छात्र का कहीं प्रवेश कराया गया और न ही एनडीए से जुड़ी कोई प्रक्रिया पूरी की गई। जब परिवार ने रकम वापस मांगी तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।इस संबंध में थाना कोतवाली नगर में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। कई स्थानों पर दबिश देने के बावजूद वह फरार रहा। बाद में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर उसकी लोकेशन गोवा के कोलवा क्षेत्र में मिली।
पुलिस टीम ने 21 फरवरी 2026 को गोवा पहुंचकर दबिश दी और आरोपी रजनीकांत शर्मा पुत्र मुरारीलाल शर्मा निवासी देहरादून को सुबह लगभग 10 बजे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि परीक्षा या नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे मांगने वाले व्यक्तियों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे ठग गिरोहों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।
