बीसलपुरः आवारा सांड का आतंक, चार दिन में तीन लोग घायल
February 11, 2026
बीसलपुर। नगर में आवारा सांडों का आतंक बढ़ता जा रहा है। पिछले चार दिनों में सांड के हमलों में तीन लोग घायल हो चुके हैं। ताजा घटना मंगलवार रात करीब नौ बजे की है, जब एक युवक पर सांड ने पीछे से हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना का वीडियो आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 21 निवासी शकील मंगलवार रात ईदगाह चैराहे से फल का ठेला लगाकर घर लौट रहे थे। जैसे ही वह अपने दरवाजे के पास पहुंचे, पीछे से आए एक आवारा सांड ने उन पर हमला कर दिया। सांड ने सींग मारकर उन्हें गिरा दिया, जिससे वह घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह सांड को भगाया और घायल को स्थानीय चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है। इससे पूर्व शनिवार को 12 पत्थर चैराहे पर एक सांड ने एक बच्ची और महिला को उछालकर पटक दिया था, जिससे दोनों घायल हो गई थीं। लगातार हो रही घटनाओं से नगरवासियों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार गौशालाओं पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, इसके बावजूद आवारा गोवंश सड़कों पर भटक रहा है और राहगीरों के लिए खतरा बना हुआ है। नागरिकों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर आवारा पशुओं को पकड़वाने और उचित प्रबंधन की मांग की है।
.jpg)