लखनऊ। नगर निगम लखनऊ ने बुधवार को व्यापक और बहुस्तरीय अतिक्रमण विरोधी चलाया। जोन-6 में जोनल अधिकारी अमरजीत यादव के नेतृत्व में वार्ड हैदरगंज तृतीय क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। पारा पुराने धाने से पारा तिकुनिया तक सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान 20 ठेले, 8 काउंटर, 20 गुमटियां और 30 अस्थायी दुकानों को हटवाया गया। इसके अलावा 4 टायर, 2 प्लास्टिक कुर्सियां, 2 प्लास्टिक स्टूल और पानी की पेटी सहित अन्य सामान जब्त किया गया। साथ ही संबंधित व्यक्तियों से 1100 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। इस कार्रवाई में जोनल अधिकारिप अमरजीत यादव, कर अधीक्षक विजय शंकर, कर निरीक्षक धर्मदेव तथा 296 टीम के सदस्य उपस्थित रहे।
इसी क्रम में जोन-7 में भी जोनल अधिकारी रामेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में भूतनाथ मार्केट के आसपास नाले पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। साथ ही अरावली मार्ग से कलेवा चैराहे तक सड़कों की दोनों पट्टियों पर किए गए अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 2 लोहे के काउंटर, 4 टेबल, 2 टायर और 1 गैस सिलेंडर जब्त किया गया। इसके अतिरिक्त 4 काउंटर, 3 ठेले, 4 ठेलियां और 2 गुमटियां हटाई गईं। इस दौरान कर अधीक्षक श्री विनय मौर्य, ईटीएफ टीम और 296 टीम के सदस्य मौजूद रहे।
वहीं जोन-8 में भी अवैध अतिक्रमण, होर्डिंग, बैनर और पोस्टरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। जोनल अधिकारी विकास सिंह के नेतृत्व में वृंदावन आशियाना चैराहे के आसपास अवैध रूप से लगाई गई गुमटियों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान 1 काउंटर, 3 कमर्शियल सिलेंडर, 1 तवा, 1 कढ़ाई, 7 टायर और 2 लोहे के स्टूल जब्त किए गए।
