उन्नाव। जनपद की हसनगंज विकासखंड की ग्राम पंचायत बारा बुजुर्ग में पंचायत सचिव से जुड़ा एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल ऑडियो में ग्राम प्रधान से धन मांगने के आरोप लगाए जा रहे हैं।वायरल वीडियो की हिंदी दैनिक विधान केसरी पुष्टि नही करता है।
ऑडियो को लेकर स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इसमें पंचायत सचिव कथित रूप से भुगतान से जुड़े लेनदेन की बात करती सुनाई दे रही हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के दौरान उनसे धन की मांग की जाती रही है।बताया जा रहा है कि यह ऑडियो ग्राम प्रधान द्वारा वायरल किया गया है। ग्राम प्रधान का कहना है कि यह ऑडियो पंचायत सचिव के व्यवहार से संबंधित है और इसकी जांच होनी चाहिए।
हालांकि, इस पूरे मामले में अलग-अलग पक्षों की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। एडीओ पंचायत ने वायरल ऑडियो को गलत और भ्रामक बताते हुए आरोपों से इनकार किया है।
वहीं पंचायत सचिव शिल्पी यादव ने भी अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने किसी से धन की मांग नहीं की और वायरल ऑडियो की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है।
खंड विकास अधिकारी हसनगंज निशा सागर विश्वकर्मा ने बताया कि वायरल ऑडियो की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
.jpg)